Play all audios:
तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा ने भी शादी कर ली है। शुक्रवार (9 दिसंबर) को गुड़गांव में उन्होंने प्रतिमा सिंह के साथ सात फेरे लिए। शादी का कार्यक्रम नॉटिंघम हिल्स होटल में हुआ।प्रतिमा बास्केटबॉल
प्लेयर हैं और वाराणसी की रहने वाली हैं। दोनों ने 19 जून को सादे समारोह में सगाई की थी। शादी के लिए ईशांत को भारतीय टीम से रीलीज किया गया था। टीम इंडिया इस समय इंग्लैंड के साथ टेस्ट सीरीज
खेल रही है। शादी में भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और स्टार प्लेयर युवराज सिंह, रेसलर योगेश्वर दत्त भी शामिल हुए। ईशांत ने शादी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी
न्योता दिया था। न्योता देने के लिए ईशांत के साथ प्रतिमा भी गई थी। हालांकि मोदी शादी में नहीं आए। ऐसा कहा जाता है कि इशांत और प्रतिमा दिल्ली के वसंत कुंज स्थित डीडीए स्पोर्ट्स कॉन्पलेक्स के
पास ही बास्केटबॉल कोर्ट में मिला करते थे। 2011 में RIBA लीग में इशांत शर्मा चीफ गेस्ट बनकर आए थे तभी दोनों की पहली बार मुलाकात हुई थी। गौरतलब है कि हाल ही में युवराज सिंह ने भी शादी की है।
उन्होंने मॉडल-एक्ट्रेस हेजल कीच को जीवनसंगिनी बनाया। इस शादी का कार्यक्रम तीन-चार दिन तक चला था। जालंधर के बाद गोवा में भी शादी कार्यक्रम हुआ था। इसमें विराट कोहली, धोनी, मोहम्मद कैफ,
वीरेंंद्र सहवाग, वीवीएस लक्ष्मण, जहीर खान सहित कई पूर्व और वर्तमान क्रिकेटर शामिल हुए थे। प्रतिमा सिंह वाराणसी से खेलती हैं और उन्होंने भारतीय बास्केटबाल टीम का विभिन्न अंतरराष्ट्रीय
प्रतियोगिताओ में प्रतिनिधित्व किया है। वह भारतीय महिला बास्केटबाल टीम की पूर्व कप्तान भी हैं। देश के बास्केटबाल जगत में ‘सिंह बहनों’ के नाम से मशहूर प्रतिमा पांच बहनों में सबसे छोटी हैं।
उनकी सभी बहनें भी बास्केटबाल खिलाड़ी हैं और वे भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी हैं। वह दिल्ली के जीसस एंड मेरी कॉलेज से पढ़ी हैं और दिल्ली यूनिवर्सिटी टीम की कप्तान रही हैं।
उन्होंने 2010 में हुए ग्वांग्झू एशियाई खेलों में और अन्य बास्केटबॉल चैंपियनशिप में हिस्सा ले चुकी हैं। प्रतिमा का परिवार खेलों से जुड़ा हुआ है। उनका छोटा भाई फुटबॉलर है। इस तरह से उनके
परिवार में अब बास्केटबॉल, फुटबॉल और क्रिकेट खिलाड़ी भी हैं।