Play all audios:
राजधानी दिल्ली में आज और कल भी तेज हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। राजधानी दिल्ली में आज और कल भी तेज हवा के साथ
हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से इसके लिए दो दिन का येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।दिल्ली में इस बार जनवरी से अप्रैल तक का महीना सामान्य से ज्यादा गर्म रहा था, लेकिन मई की शुरुआत
से देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम की भिन्न-भिन्न परिघटनाएं सक्रिय हो गई हैं। हर कुछ दिन बाद आंधी औ तेज हवाओं के साथ बारिश, गरज चमक आदि हो रहे हैं। इसके चलते मई महीने का औसत अधिकतम तापमान
सामान्य से लगभग ढाई डिग्री तक कम रहा है। ये भी पढ़ें:दिल्ली को तूफानी हवाओं ने फिर झकझोरा, 96 KMPH रही रफ्तार; इन 4 वजहों से आई आंधी मई के बाद अब जून में भी मौसम का यही रुख बना हुआ है। मौसम
विभाग का अनुमान है कि सोमवार और मंगलवार को भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। बीच-बीच में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक होने के आसार
हैं। इसके चलते अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। बता दें कि येलो अलर्ट का मतलब होता है कि मौजूदा स्थिति में बेशक खतरा नहीं है, लेकिन कभी भी खराब मौसम का सामना
करना पड़ सकता है। पालम में सबसे तेज रहा आंधी का जोर: पालम इलाके में रविवार को आई आंधी का जोर सबसे ज्यादा तेज रहा। यहां पर 96 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली आंधी चली। प्रगति मैदान में
हवा की अधिकतम गति 81 और सफदरजंग में 80 किलोमीटर प्रति घंटे रही। बीते 30 दिनों में रविवार को आई आंधी सबसे ज्यादा तेज रही। इससे पहले 25 मई को आई हवा की गति 82 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रिकॉर्ड
की गई थी। वहीं, आंधी के चलते दिल्ली के तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की गई। पालम इलाके में दो घंटे के भीतर ही तापमान में 14 डिग्री तक की गिरावट दर्ज की गई। हवा में विमान ने हिचकोले खाए:
दिल्ली में आए तूफान के दौरान इंडिगो के एक विमान के हिचकोले खाने का वीडियो वायरल हुआ है। वीडियो रायपुर से दिल्ली आ रहे इंडिगो के विमान का है। विमान एयरपोर्ट पर उतरना चाह रहा था। तेज हवा के
चलते इसकी लैंडिंग नहीं हो सकी। इसके चलते वापस उसे हवा में उड़ान भरनी पड़ी और उसे डायवर्ट कर दूसरे एयरपोर्ट पर भेजा गया। वर्ष 2018 के बाद सबसे साफ रही मई की हवा मई में मेहरबान रहे मौसम का असर
वायु गुणवत्ता पर भी देखने को मिला है। केन्द्रीय वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के मुताबिक, 2018 के बाद इस बार मई की हवा सबसे ज्यादा साफ रही है। महीने का औसत एक्यूआई 170 अंक पर रहा है। इस स्तर
की हवा को मध्यम श्रेणी में रखा जाता है। वर्ष 2018 में औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 217 अंक था। इन आंकड़ों में कोविड और लॉकडाउन की वजह से वर्ष 2020 और 2021 को शामिल नहीं किया गया है। 400 से नीचे
रहा एक्यूआई इस बार जनवरी से मई के बीच एक दिन भी ऐसा नहीं रहा, जब वायु गुणवत्ता सूचकांक 400 से ऊपर गंभीर श्रेणी में पहुंचा हो। वर्ष 2018 में ऐसे दिनों की संख्या तीन, 2019 में सात, 2020 में
दो, 2021 में पांच, 2022 में एक व 2023 और 2024 में ऐसे दिनों की संख्या तीन-तीन रही थी।