Play all audios:
ममता बनर्जी ने लगातार दूसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शुक्रवार को बांग्ला में शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल में 42 सदस्य हैं। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने रेड रोड पर आयोजित एक
कार्यक्रम... ममता बनर्जी ने लगातार दूसरी बार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री के रूप में शुक्रवार को बांग्ला में शपथ ली। उनके मंत्रिमंडल में 42 सदस्य हैं। राज्यपाल केशरीनाथ त्रिपाठी ने रेड रोड पर
आयोजित एक कार्यक्रम में ममता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। उनके मंत्रालय में 18 नए चेहरे हैं। ममता राज्य की आठवीं मुख्यमंत्री और पहली महिला मुख्यमंत्री हैं। ममता की पार्टी तृणमूल
कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था और 294 सदस्यीय विधानसभा में इसने दो-तिहाई से भी अधिक, 211 सीटों पर जीत दर्ज करते हुए सत्ता में वापसी की। चुनौतियां कम नहीं पश्चिम बंगाल में दोबारा कमान
संभालने वाली ममता के सामने विकास के मोर्चे पर कई चुनौतियां हैं। राज्य की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाना, निवेश के अनुकूल माहौल बनाना और औद्योगिक विकास को रफ्तार देने जैसी चुनौतियों से उन्हें
जूझना होगा। राज्य पर भारी भरकम कर्ज भी है। भ्रष्टाचार के आरोपों के चलते तृणमूल कांग्रेस की छवि धुमिल हुई है। इससे निपटने के लिए भी ममता को काम करने की जरूरत होगी। तीसरे मोर्चे की अटकलें
ममता के शपथ ग्रहण समारोह में गैर एनडीए नेताओं की संख्या ज्यादा रही। इसमें बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, राजद प्रमुख लालू यादव, यूपी के सीएम अखिलेश यादव, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद
केजरीवाल, नेशनल कांफ्रेंस के नेता फारूख अब्दुल्ला जैसे नेता समारोह में मेहमान रहे। इससे इन अटकलों को हवा मिली कि 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा व कांग्रेस के खिलाफ तीसरा मोर्चा बन सकता है।
हालांकि पहले भी इसकी कोशिशें हो चुकी हैं। इस सवाल पर लालू यादव ने कहा एक समान विचारधारी वाली पार्टियां बैठक कर इसके बारे में फैसला करेंगी। हस्तियां पहुंचीं मुकेश अंबानी, अमिताभ बच्चन,
शाहरुख खान और सौरव गांगुली दिखे जबकि बांग्ला फिल्मों के कई चेहरे भी शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद रहे। विदेशी मेहमान भूटान के पीएम शेरिंग तोबगे, बांग्लादेश के उद्योग मंत्री आमिर हुसैन अमू
पहुंचे। वहीं बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने उपहार के रूप में ममता को 20 किलो की हिल्सा मछली भेजी है। ट्वीट शपथ ग्रहण पर ममता जी और उनकी टीम को बधाई। राज्य के विकास के लिए पश्चिम
बंगाल सरकार के साथ मिलकर काम करने को लेकर उत्सुक हूं। -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई। उनके और उनके मंत्रिमंडल के सहयोगियों को आने वाले
कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं। -राहुल गांधी, कांग्रेस उपाध्यक्ष बंगाल में बनेंगे मुख्य विपक्षी दल केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा नेता अरुण जेटली ने कहा कि लोगों में वाम दलों की लोकप्रियता गिरने
के बाद पश्चिम बंगाल में मुख्य विपक्षी पार्टी की जगह लेने के लिए भाजपा के पास एक ऐतिहासिक अवसर उभर कर आया है। ममता के शपथ कार्यक्रम में शरीक होने आए जेटली ने कहा, वाम विरोधी भावना की जगह
लेने के लिए यह ऐतिहासिक अवसर है। हमारी दीर्घकालीन रणनीति इस दिशा में होगी। केंद्रीय मंत्री मौजूद रहे केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली, एम वेंकैया नायडू, बाबुल सुप्रियो कार्यक्रम में पहुंचे। मजेदार
बात यह है कि पश्चिम बंगाल भाजपा ने शपथ ग्रहण कार्यक्रम का बहिष्कार करने का ऐलान किया था। कांग्रेस से अंबिका सोनी, सीपी जोशी भी मौजूद रहे।