Play all audios:
MONSOON 2025 TRACKER: दक्षिण पश्चिम मॉनसून के झारखंड में 5 जून तक दस्तक देने की संभावना है। मौसम विभाग ने मॉनसून के अगले तीन से चार दिनों में पश्चिम बंगाल में छा जाने की संभावना व्यक्त की
है। उसके बाद यह झारखंड में प्रवेश कर जाएगा। MONSOON TRACKER: इस साल निर्धारित समय से पहले चल रहे मॉनसून ने ना केवल केरल में दस्तक दी है बल्कि अब तक यह देश के 18 राज्यों में पहुंच चुका है।
इनमें से 14 राज्य तो मॉनसून से सराबोर हैं। वहां खूब बारिश हो रही है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अब तक मॉनसून केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना, कर्नाटक, गोवा और आंध्र प्रदेश और पूर्वेत्तर
के सभी सात राज्यों को पूरा कवर कर चुका है, जबकि यह महाराष्ट्र के करीब आधे हिस्से में पहुंच चुका है। इसी तरह मॉनसून 29 मई की शाम तक छत्तीसगढ़ और ओडिशा के दक्षिणी भागों और पश्चिम बंगाल के
ऊत्तरी पहाड़ी इलाकों में दस्तक दे चुका है। किस राज्य में मॉनसून पहुंचने का क्या है निर्धारित समय? केरल में आमतौर पर एक जून को मॉनसून दस्तक देता है लेकिन इस साल यह करीब 12 दिन पहले ही वहां
पहुंच चुका है। इसी तरह 5 जून के आसपास मॉनसून कर्नाटक और आंध्र प्रदेश पहुंचता है लेकिन वहां भी समय से पहले यानी 26 मई को ही मॉनसून ने दस्तक दे दी है। तेलंगाना में भी 26 मई को दस्तक देने वाला
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अब पूरे राज्य में छा गया है। यहां अमूमन हर साल 10 जून के आसपास मॉनसून दस्तक देता है लेकिन इस साल 15 दिन पहले ही मॉनसून पहुंच चुका है। दक्षिण-पश्चिम मॉनसून 28 और 29 मई को
महाराष्ट्र के कुछ और हिस्सों, कर्नाटक के सभी हिस्सों, आंध्र प्रदेश के भी शेष सभी हिस्सों, छत्तीसगढ़ और ओडिशा के कुछ हिस्सों तथा पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के शेष हिस्सों में आगे बढ़ चुका
है। पूर्वोत्तर राज्यों में क्या स्थिति? पूर्वोत्तर के भी सात राज्यों में जून के पहले सप्ताह में झूमकर बरसने वाला मॉनसून समय से एक सप्ताह पहले पहुंच चुका है। वहां के अरुणाचल प्रदेश, असम,
मेघालय, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, नागालैंड में पिछले एक सप्ताह से मूसलाधार बारिश हो रही है। गुरुवार की शाम यानी 29 मई तक सिक्किम के पूरे इलाके को भी मॉनसून ने कवर कर लिया है। इसके साथ ही
पश्चिम बंगाल के पर्वतीय इलाकों दार्जीलिंग में भी मॉनसून ने दस्तक दे दी है। अगले 24 घंटों का क्या पूर्वानुमान? मौसम विभाग ने अपने ताजा पूर्वानुमान में कहा है कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया है कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर
बने भारी निम्न दबाव के कारण तटवर्ती कुछ राज्यों खासकर पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का अनुमान है। ये भी पढ़ें:छत्तीसगढ़ पहुंचा मॉनसून;इन जिलों में मौसम
रहेगा खराब,जारी हुआ ऑरेंज व येलो अलर्ट ये भी पढ़ें:यूपी समेत कई राज्यों में बारिश की चेतावनी, बिहार में मॉनसून पर आ गई खुशखबरी ये भी पढ़ें:तेज हवा के साथ 2 दिन लगातार होगी बारिश, झारखंड में कब
पहुंचेगा मॉनसून यूपी-बिहार में कब दस्तक देगा मॉनसून? अभी मॉनसूनी रेखा बिहार के प्रवेश द्वार पर सिक्किम और पश्चिम बंगाल की सीमा पर पहुंच चुकी है। IMD के मुताबिक इसके आगे बढ़ने की
परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। इसलिए एक-दो दिन के अंदर यह बिहार में भी दस्तक दे सकता है, जबकि बिहार में मॉनसून के प्रवेश करने का निर्धारित समय 10 से 12 जून है। 15 जून तक यह आगे बढ़ते हुए
अमूमन पटना और रांची तक पहुंचते हुए करीब आधा बिहार और झारखंड को कवर कर लेता है और करीब 20 जून के आसपास मॉनसून यूपी की पूर्वी सीमा, उत्तराखंड और गुजरात में भी प्रवेश कर जाता है। दिल्ली-NCR,
हरियाणा-पंजाब में कब तक दस्तक? मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, हर साल 15 जून के आसपास मॉनसून मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी प्रवेश कर जाता है लेकिन इस साल यह छत्तीसगढ़ में दस्तक दे चुका
है। पश्चिमी यूपी, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान में यह 25 जून और 30 जून के आसपास राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, हरियाणा और पंजाब तक पहुंचता है। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल मॉनसून के आगे बढ़ने की
परिस्थितियां अनुकूल हैं। इसलिए उम्मीद जताई जा रही है कि देश के बाकी हिस्सों में भी समय से पहले मॉनसून दस्तक दे सकता है।