Play all audios:
कोरोना वायरस महामारी भारत सहित दुनिया के कई देशों में अपना कहर बरपा रही है। ये वायरस कई बड़ी नामी हस्तियों को अपनी चपेट में ले चुका है। इसमें सबसे ताजा नाम महात्मा गांधी के पड़पोते सतीश
धुपेलिया का है। दक्षिण अफ्रीका मूल के धुपेलिया का कोविड-19 के कारण रविवार को निधन हो गया। वो 66 साल के थे और तीन दिन पहले ही उनका जन्मदिन था। धुपेलिया के निधन की जानकारी उनके परिवार ने दी।
सतीश धुपेलिया की बहन उमा धुपेलिया-मेस्थरी ने पुष्टि की उनके भाई का निधन कोरोना वायरस संबंधित जटिलताओं के चलते हुआ। बकौल उमा भाई को निमोनिया हो गया था और उसके उपचार के लिए वह एक हॉस्पिटल में
थे। वहीं वो कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गए। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘निमोनिया से एक महीने पीड़ित रहने के बाद मेरे प्यारे भाई का निधन हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान वह
कोविड-19 की चपेट में आ गए थे। आज (रविवार) शाम उन्हें दिल का दौरा पड़ा।’ उनके परिवार में दो बहने उमा और कीर्ति मेनन हैं, जो यहीं रहती हैं। ये तीनों भाई बहन मणिलाल गांधी के वारिस हैं, जिन्हें
महात्मा गांधी अपने कार्यों को पूरा करने के लिए दक्षिण अफ्रीका में ही छोड़ कर भारत लौट आए थे। उल्लेखनीय है कि अपना अधिकांश जीनव में मीडिया में बिताने वाले धुपेलिया पेशे से एक वीडियोग्राफर और
फोटोग्राफर थे। वो सभी समुदायों में जरुरतमंदों की मदद करने के लिए हमेशा आगे रहते थे और कई सामाजिक और कल्याणकारी संगठनों से जुड़े हुए थे। गांधी के पड़पोते के निधन पर उन्हें दोस्तों और करीबियों
ने श्रद्धांजलि दी। पॉलिटिकन एनालिस्ट लुबना नदवी ने कहा कि उनकी मौत की खबर सुनकर मैं सकते में हूं। वो एक महान मानवतावादी और एक्टिविस्ट थे। उन्होंने कहा कि वो अच्छे दोस्त थे और हमेशा संगठन की
सहायता करते थे। बता दें दुनियाभर में कोविड-19 के 5.89 करोड़ मामलों की पुष्टि हो चुकी है। इनमें अभी तक 13.93 लाख लोगों की मौत हो चुकी है और चार करोड़ से ज्यादा लोग ठीक होकर घर लौट चुके हैं।
कोरोना से अमेरिका, भारत और ब्राजील सबसे अधिक प्रभावित हैं। इन तीनों देशों में करीब चार करोड़ लोगों को कोरोना हो चुका है और लाखों लोगों की मौत हो चुकी है। (एजेंसी इनपुट)