Play all audios:
GORAKHPUR NEWS - शहीद दिवस पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद किया। जगह-जगह से जत्थे निकले। जोशीले नारों से देशभक्ति की हुंकार भरते हुए नौजवान
सड़कों पर उतरे और शहीदों को... शहीद दिवस पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों ने भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को याद किया। जगह-जगह से जत्थे निकले। जोशीले नारों से देशभक्ति की हुंकार
भरते हुए नौजवान सड़कों पर उतरे और शहीदों को श्रद्धांजलि दी। भाजपा के कार्यकर्ताओं ने महानगर अध्यक्ष राहुल श्रीवास्तव के नेतृत्व में बेतियाहाता स्थित भगत सिंह चौराहे पर शहीद-ए-आजम भगत सिंह की
मूर्ति पर माल्यार्पण किया और उन्हें श्रद्धांजलि दी। श्री श्रीवास्तव ने कहा कि सरदार भगत सिंह जैसे महापुरुषों और बलिदानियों ने ही देश को आजादी दिलाई। भगत सिंह को जिस दिन फांसी लगने वाली थी उस
दिन भी वह किताब पढ़ रहे थे। भगत सिंह ने कहा था कि देश बलिदानियों से कभी खाली नहीं होगा। मां भारती को अंग्रेजों की गुलामी में बहुत समय तक नहीं रखा जा सकता। भाजपा के कार्यक्रम में मुख्य रूप से
डिप्टी मेयर जितेन्द्र सैनी, रणजीत राय बड़े, देवेन्द्र गौड़ पिंटू, महेश सिंह राजू और सिद्धार्थ चक्रवर्ती ने विचार व्यक्त किए। युवा इंडिया के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने दीवान बाजार के न्यू कॉलोनी
पार्क में शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के चित्रों पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर पार्क में पौधरोपण भी किया गया। शाम साढ़े तीन बजे हर्बर्ट बांध स्थित मोती जेल
मलिन बस्ती में चल रहे अक्षर मुहिम क्लास के करीब 120 बच्चों के बीच शहीदों के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। शाम छह बजे चेतना तिराहे से ‘भारत माता की जय, ‘इंकलाब जिंदाबाद और
‘बंदे मातरम के नारों के साथ कैंडिल मार्च निकाला गया। यह मार्च चेतना तिराहे से टाउनहाल, गणेश चौराहा होते हुए वापस चेतना तिराहे पर पहुंचकर पूरा हुआ। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सर्वश्री
पुष्पदंत जैन, रत्नेश कुमार तिवारी, गौरव शर्मा, नवनीत यादव, गौरव जैसवल, सीमा अग्रवाल और शैलेंद्र मौजूद थे। मां बासमती सेवा संस्थान के तत्वावधान में कार्यकर्ताओं ने कूड़ाघाट स्थित गौतम गुरुंग
तिराहे पर शहीद की प्रतिमा के पास कैंडिल जलाकर भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु को श्रद्धांजलि दी। संस्था के प्रमुख रामनाथ निषाद ने कहा कि क्रांतिकारियों ने अपने प्राणों का बलिदान देकर देश को आजाद
कराया। देश की रक्षा के प्रति हमेशा सचेत रहकर ही युवा शहीदों को सच्ची श्रद्धांजलि दे सकते हैं। कार्यक्रम में सर्वश्री प्रेमनाथ, माया देवी, शोभा देवी, प्रतीक्षा निषाद, पम्मी निषाद, रीना
श्रीवास्तव, सुमन निषाद और प्रदीप श्रीवास्तव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे। गोरखपुर विश्वविद्यालय के छात्रनेता मनीष ओझा के नेतृत्व में शहीद दिवस पर विवि के मुख्यद्वार पर भगत सिंह, राजगुरु और
सुखदेव को श्रद्धांजलि दी गई। इस मौके पर मुख्य रूप से कुलदीप तिवारी, चौधरी शिवम, विवेकानंद मिश्र, अभय शुक्ल, अभिषेक यादव, आशीर्वाद यादव, सागर चौहान सहित कई लोग मौजूद थे।